31वीं वाहिनी पीएसी में बुधवार से तीन दिवसीय प्रादेशिक अंतर जनपदीय पुलिस, वाहिनी खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हो गई। पहले दिन कबड्डी, फुटबाल व खोखो प्रतियोगिताएं हुईं। फुटबाल में 31वीं वाहिनी पीएसी व खोखो में ऊधमसिंह नगर का दबदबा रहा। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ डीएम नितिन सिंह भदौरिया व सेनानायक पंकज भट्ट ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। सेनानायक भट्ट ने बताया कि द्वितीय कबड्डी कलस्टर प्रतियोगिता में 12 जनपदों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें 31वीं वाहिनी पीएसी, अल्मोड़ा, पौड़ी, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, आईआरबी प्रथम, द्वितीय, 40वीं व 46वीं वाहिनी पीएसी के खिलाड़ी शामिल हैं। पहले दिन कबड्डी का पहला मुकाबला आईआरबी प्रथम व आईआरबी द्वितीय के बीच खेला गया। इसमें आईआरबी द्वितीय विजयी रही। दूसरा मुकाबला पौड़ी गढ़वाल व पिथौरागढ़ के बीच हुआ। इसमें पौड़ी गढ़वाल की टीम विजयी रही। फुटबाल का पहला मैच अल्मोड़ा व 40वीं वाहिनी पीएसी के मध्य खेला गया जिसमें 40वी वाहिनी की टीम विजयी रही। दूसरे मैच में 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर ने नैनीताल को हराया। खोखो (महिला वर्ग) में ऊधमसिंह नगर ने 31वीं वाहिनी पीएसी को हराया। इस मौके पर उपसेनानायक मिथलेश कुमार सिंह, वीर सिंह, तपेश कुमार चंद्र, प्रतिभा भट्ट, उमेश कुमार सोनकर आदि मौजूद रहे।