भारत लोक शिक्षा परिषद के रुद्रपुर चैप्टर का वार्षिकोत्सव 23 मार्च को जेसीजे स्कूल में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में एकल सुरताल की टीम की ओर से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस टीम में उड़ीसा, राजस्थान, उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा कलाकार शामिल होंगे, जो एकल अभियान के तहत शिक्षा के प्रति समर्पित हैं। कार्यक्रम संयोजक विजय भूषण गर्ग ने बताया कि यह आयोजन शिक्षा के प्रसार में एकल अभियान की भूमिका को रेखांकित करेगा। उन्होंने बताया कि एकल अभियान देशभर के आदिवासी, गिरिवासी, वनवासी और सुदूर ग्रामीण इलाकों में 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को अनौपचारिक शिक्षा पद्धति के माध्यम से प्राथमिक शिक्षा प्रदान कर रहा है। इसके तहत देशभर में एक लाख से अधिक एकल विद्यालय संचालित हैं।