कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो हर मुश्किल आसान हो जाती है। यही कर दिखाया बिसखोली के दो विद्यार्थियों ने। जज्बा ऐसा कि संसाधनों की कमी के बाद भी दोनों विद्यार्थी जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय क्रिकेट के लिए ट्रायल में शामिल होने देहरादून पहुंचे और अपनी प्रतिभा दिखाई। दोनों को उम्मीद है कि उनका राज्य स्तरीय टीम में चयन होगा। दोनों की प्रतिभा को देखते हुए पूर्व सैनिक संगठन इनके सहयोग के लिए आगे आया है। पिछले महीने जिले में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में मूनाकोट ब्लॉक के बिसखोली गांव के दो बच्चों हार्दिक बिष्ट और मानस धामी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इनके प्रदर्शन को देखते हुए इन्हें राज्य स्तरीय क्रिकेट टीम के चयन के लिए ट्रायल में बुलाया गया। यहां इन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई। दोनों ही बच्चे राकपूमावि बगरतोली में कक्षा आठ में पढ़ते हैं। पूर्व सैनिक संगठन के सलाहकार दिवाकर सिंह बोहरा ने बताया कि दोनों विद्यार्थियों की पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं है। अभावों में भी दोनों ने जिले का नाम रोशन किया। यदि दोनों को संसाधन और सहयोग मिले तो ये देश का नाम रोशन कर सकते हैं। ऐसे में पूर्व सैनिक संगठन ने दोनों खिलाड़ियों को ट्रैक सूट, कैप सहित अन्य संसाधन उपलब्ध कराए हैं। कहा पूर्व सैनिक संगठन दोनों खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग करेगा।