थल-सातसिलिंग सड़क पर फिर से नागीमल की पहाड़ी दरकने से आवाजाही थम गई है। नागीमल की पहाड़ी पर भारी भूस्खलन हुआ है। अब इस सड़क पर आवाजाही कब तक शुरू होगी इसका जवाब किसी के पास नहीं है। थल-सातसिलिंग सड़क पर बीते वर्ष सितंबर महीने में नागीमल की पहाड़ी दरकी। यहां सड़क का 150 मीटर हिस्सा गायब होने से 12 दिन तक आवाजाही ठप रही। बमुश्किल पहाड़ी को काटकर नई सड़क का निर्माण किया गया तब जाकर 13 वें दिन यह सड़क खुली। फिर से यही हालात पैदा हुए हैं। सोमवार सुबह 10 बजे के करीब फिर से नागीमल की पहाड़ी दरक गई। भारी भूस्खलन होने से इस सड़क पर फिर से आवाजाही ठप हो गई। पहाड़ी से गिरे बोल्डरों ने सड़क का आधा हिस्सा तोड़ डाला है। संयोग स घटना के समय कोई वाहन या राहगीर आवाजाही नहीं कर रहे थे इससे बड़ी घटना होने से बच गई।