पिथौरागढ़ में कांग्रेस ने संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के विवादित बयान को लेकर आक्रोश जताते हुए उनका पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संसदीय कार्यमंत्री ने पहाड़ के लोगों को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इससे साफ है कि भाजपा सरकार पहाड़ विरोधी है। उत्तराखंड को पहाड़ और मैदान के नाम पर बांटने का काम हो रहा है। सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सिल्थाम तिराहे पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष लुंठी ने कहा कि विधानसभा में पहाड़ के लोगों के प्रति जिस तरस अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया इससे सरकार और इसके मंत्रियों की पहाड़ विरोधी मानसिकता साफ झलकती है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज ओझा ने कहा कि भाजपा सरकार पहाड़ विरोधी है, संसदीय कार्यमंत्री के बयान से यह साफ हो चुका है। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री महेंद्र लुंठी ने कहा कि इस अमर्यादित बयान के लिए संसदीय कार्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। चेतावनी दी कि यदि प्रेमचंद अग्रवाल ने इस्तीफा नहीं दिया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक बोरा, दीपक लुंठी, गीता महरा, हिमांशु ओझा, शंकर राम, त्रिभुवन चुफाल, चंचल बोरा, अमित कुमार सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।