फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नैनीताल: नंदा देवी मेले में छोटे दुकानदारों से अवैध वसूली का आरोप, रोते हुए पालिकाध्यक्ष को बताई आपबीती

नैनीताल के प्रसिद्ध मां नंदा देवी महोत्सव के तहत नैनीताल में सजे मेला परिसर में दूर-दराज और स्थानीय क्षेत्रों से रोजी-रोटी कमाने आए छोटे और गरीब दुकानदारों ने कुछ असामाजिक तत्वों पर डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। मामले की भनक लगते ही नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने तुरंत मेला क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया और पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। रविवार को निरीक्षण के दौरान मेला परिसर में उस समय भावुक कर देने वाला दृश्य देखा गया, जब पालिकाध्यक्ष डॉ. खेतवाल को अपने बीच पाकर कई छोटे दुकानदार फूट-फूटकर रो पड़े। दुकानदारों ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि कुछ दबंग लोग मेले में आकर उनसे जबरन पांच सौ से लेकर एक हजार रुपये तक की अवैध वसूली कर रहे हैं। जब गरीब दुकानदारों ने इसका विरोध किया या पैसे देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी उनके साथ बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे और मारपीट की धमकी दी। दहशत का आलम यह है कि एक पीड़ित दुकानदार ने रोते हुए पालिकाध्यक्ष को बताया कि इसी डर और प्रताड़ना के कारण उसने आज अपनी दुकान ही नहीं खोली है। पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन की ओर से इस तरह की किसी भी वसूली की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन और अधिशासी अधिकारी को देकर दोषियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डॉ. खेतवाल ने दुकानदारों को पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया और कहा कि वे किसी भी अज्ञात या अनधिकृत व्यक्ति को एक भी रुपया न दें। यदि कोई भी उन्हें डराने या पैसे मांगने आता है, तो उसकी सूचना तुरंत नगर पालिका या स्थानीय पुलिस को दें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें