श्यामपुर। कांगड़ी, गली नंबर 6 में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपरांत छठी महोत्सव बड़ी धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं ने कुमाऊंनी परंपरा और संस्कृति का सुंदर उदाहरण पेश करते हुए पारंपरिक 'झोड़ा-चाचरी नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं ने भक्तिगीतों पर झोड़ा-चाचरी गायन कर समां बांध दिया और बाल गोपाल के भजनों पर जमकर नृत्य किया। धार्मिक विधि-विधान के साथ भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना की गई और उन्हें प्रिय भोग कढ़ी-चावल तथा हलवे का प्रसाद अर्पित किया गया। पूजन के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं में कढ़ी-चावल और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। इस सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।