चंपावत नगर के आदर्श वार्ड छतार स्थित शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रेन पार्क में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे और सभासद प्रेमा चिलकोटी ने किया। इस दौरान बच्चों और महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गरबा और एकल नृत्य ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। सभासद प्रेमा चिलकोटी ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से लगातार आयोजन होने से वार्ड में धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा मजबूत हो रही है। कार्यक्रम का संचालन कविता पांडेय ने किया। इस मौके पर समिति के पूर्व अध्यक्ष देवकीनंदन उप्रेती, संरक्षक लोकमणि पंत, जनार्दन चिलकोटी, महेश चंद्र जोशी, जीबी जोशी, यशोधर भट्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में भी जन्माष्टमी पर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। राधा-कृष्ण के भजनों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। मंदिर परिसर में देर रात तक भजन-कीर्तन चलता रहा और श्रद्धालु राधे-राधे तथा जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते रहे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को विधि-विधान और श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान पुलिस गारद ने हर्ष फायर किया। यहां एसपी रेखा यादव, पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह कप्रवाण, प्रतिसार निरीक्षक भगवत सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रीतम सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात महेश प्रसाद आदि मौजूद रहे। नगर की ललुवापानी रोड स्थित पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया के आवास पर भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें संतोष पांडे, हेम खर्कवाल, पवन गिरी, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, प्रेम भट्ट आदि मौजूद रहे। नगर के ढकना बडोला में खेल प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेला समिति अध्यक्ष और शिक्षक प्रकाश सिंह भंडारी ने सभी का आभार जताया। इस दौरान प्रधान जानकारी बडोला, बीडीसी पवन भंडारी, पूर्व बीडीसी पूरन सिंह बडोला, भुवन पांडेय, सुनील भंडारी, ललित सिंह नरियाल, विक्रम सिंह, गोलू बिष्ट, मदन सिंह बडोला, कमल सिंह कुंवर, प्रेम सिंह कुंवर आदि मौजूद रहे। श्रीकृष्ण जन्म से कंस वध तक की लीला दिखाई बनबसा नगर में बीती रात विभिन्न स्थानों पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुदमी नईबस्ती में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कमेटी की ओर से श्रीकृष्ण जन्म से लेकर कंस वध तक की लीला का मंचन किया गया। कमेटी अध्यक्ष भरत प्रसाद ने बताया कि ग्रामीण कलाकारों ने शानदार अभिनय प्रस्तुत किया। निर्देशन चंचल राम ने किया। तबले पर दस वर्षीय जतिन और हारमोनियम पर गोविंद राम ने संगत दी। आंबेडकर ग्राम फागपुर में जगदीश सिंह के आवास पर जन्माष्टमी कार्यक्रम आयोजित हुआ। बमनपुरी स्थित भूमिया मंदिर में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अलावा भजन-कीर्तन और दही-हांडी कार्यक्रम भी हुआ। श्रीजी परिवार की ओर से आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में करन की टीम विजेता रही। विजेता टीम को 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। आयोजन में व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी, पं. मदन काफिले, अंकित ठाकुर, सनी कश्यप और सागर पाठक ने सहयोग किया। वहीं, वार्ड संख्या पांच स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भी जन्माष्टमी पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। चंपावत में फूलडोल मेले की तैयारियां पूरी, आज निकलेगा डोला चंपावत जिला मुख्यालय में रविवार, छह सितंबर को फूलडोल मेले का आयोजन किया जाएगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शाम चार बजे नागनाथ मंदिर से आकर्षक झांकियों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा मल्ली बाजार, बालेश्वर मंदिर और मोटर स्टेशन होते हुए ग्याली शेरान से वापस नागनाथ मंदिर तक जाएगी। फूलडोल मेले के लिए नागनाथ मंदिर के साथ ही बाजार में दुकानें सजने लगी हैं। रामलीला कमेटी मल्लीहाट के अध्यक्ष भगवत शरण राय ने बताया कि शोभायात्रा में भव्य झांकी निकाली जाएगी। उन्होंने सभी से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। मेले को सफल बनाने के लिए व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, दायित्वधारी रोहित बिष्ट, प्रदेश मंत्री अनुसूचित मोर्चा सूरज प्रहरी, सभासद पूजा शर्मा, सनी वर्मा सहित अन्य लोग तैयारियों में जुटे हैं। लोहाघाट में निकली राधा-कृष्ण की भव्य झांकी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नगर में राधा-कृष्ण की भव्य झांकी निकाली गई। बारिश के बाद भी लोगों में भारी उत्साह बना रहा। शनिवार को एकता चौक पर नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने झांकी का शुभारंभ किया। एकता चौक से निकली झांकी को देखने के लिए लोग रास्तों के दोनों ओर और छतों पर जमा हो गए। महिलाओं ने झांकी में पुष्प और अक्षतों की वर्षा कर राधा-कृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। एकता चौक से शुरू हुई राधा-कृष्ण की शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजार से होते हुए क्षेत्र के प्रसिद्ध ऋषेश्वर महादेव मंदिर तक गई। झांकी के साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने ‘कन्हैया किसको कहेगा तू मैया’, ‘श्याम सपने में आके दहिया पी गए’, ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ आदि गीतों का गायन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। झांकी में कृष्ण की भूमिका नितिन और राधा की भूमिका खुशी ने निभाई। इससे पूर्व शुक्रवार रात एकता चौक पर पंडित मदन कलौनी की भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर समा बांध दिया। इस मौके पर नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया, आशु वर्मा, नन्नू वर्मा, दिनेश सुतेड़ी, टीकादेव खर्कवाल, शैलेंद्र राय, सचिन वर्मा, सोनू वर्मा, किशोरी लाल वर्मा, राकेश भंडारी, मनोज जोशी, आशीष सिंह, मनन वर्मा, सतीश गड़कोटी, नवीन जोशी, प्रकाश जोशी आदि मौजूद रहे।