क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए सोमवार को मलेठी वार्ड में उपचुनाव की शुरुआत धीमी रही। मतदान शुरू होने के बाद से ही बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही कम नजर आई। सुबह 11:30 बजे तक चारों बूथों पर लगभग 20 से 35 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी सामने आई। मलेठी वार्ड के अंतर्गत मलेठी में दो बूथ हैं, जबकि ऐरोली और मालई में एक-एक बूथ है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मलेठी में दोनों बूथों पर मिलाकर लगभग 700, ऐरोली में 247 और मालई में करीब 520 मतदाता हैं। इस बार मतदाता सूची में कुछ नए मतदाताओं के नाम भी जुड़े हैं। इसके बावजूद मतदान को लेकर लोगों में खास उत्साह नजर नहीं आया। सुबह के समय बूथों पर इक्का-दुक्का मतदाता ही पहुंचते दिखाई दिए। मतदान केंद्रों पर भीड़ नहीं होने से मतदान की रफ्तार धीमी बनी रही। हालांकि, मतदान के लिए अभी समय शेष होने के कारण दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।