बागेश्वर जिले के कपकाेट नगर के शिवालय में शिव महापुराण यज्ञ का भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हो गया है। श्रद्धालुओं ने मंदिर से सरयू नदी तक कलश यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा क्षेत्र ढोल, दमाऊ, शंख और जयकारों की ध्वनि से गुंजायमान रहा। रविवार की सुबह कपकोट गांव और नगर की महिलाएं पारंपरिक परिधान में शिवालय पहुंची। मंदिर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बुद्धेश्वर मंदिर तक समीप सरयू तट तक कलश यात्रा निकाली। सरयू की आरती करने के बाद पावन जल से कलश भरकर यात्री वापस मंदिर पहुंचे। भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया। दोपहर बाद व्यास चंद्रशेखर जोशी ने भक्तों को भगवान शिव की महिमा का बखान किया। मुख्य यजमान राजेंद्र सिंह कपकोटी ने बताया कि कथा के दौरान सायंकाल भजन-कीर्तन किए जाएंगे। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, पूर्व नपं अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, उमेश जोशी, नवीन जोशी, दयाल चंद्र जोशी, नवीन कपकोटी, हरीश कपकोटी, भुवन जोशी, तारा कपकोटी आदि मौजूद रहे।