बागेश्वर जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर स्थित ऑक्सीजन प्लांट में सिलेंडरों को रिफिल करने के लिए लगाए गई कॉपर की पाइपें चोरी हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सोमवार की रात अज्ञात व्यक्ति ऑक्सीजन प्लांट के बाहर लगे कॉपर की पाइपों को काट कर ले गया। जिसका पता मंगलवार की सुबह कर्मचारियों को चला। उन्होंने अस्पताल के प्रभारी सीएमएस को घटना की सूचना दी। सूचना के बाद सीओ अजय लाल साह और प्रभारी कोतवाल खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में जिला अस्पताल पहुंची पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी सीएमएस डॉ. एनके शर्मा ने बताया कि मंगलवार की सुबह ट्रामा सेंटर के कर्मचारियों ने चोरी होने की सूचना दी। जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सीओ अजय लाल साह ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की तहरीर के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।