बागेश्वर नगर क्षेत्र के कैलखुरिया पुल से ब्लॉक की ओर जाने वाले मार्ग पर सुबह बुजुर्ग का शव मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि ब्लॉक की ओर जाने वाले मार्ग पर एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बुजुर्ग के शव को वहां से उठवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा गया। मृतक व्यक्ति की शिनाख्त भट्ट कॉलोनी ठाकुरद्वारा निवासी शेखर भट्ट (65) के रूप में हुई है। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि शेखर भट्ट घर में अकेले रहते थे, उनकी पत्नी हल्द्वानी में आईटीबीपी में तैनात हैं। कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया रात में रास्ते पर जाते हुए गिरने से उनकी गर्दन टूटने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी।