फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: अल्मोड़ा में 241 शिक्षकों के पदों की काउंसलिंग के दौरान हंगामा, पुलिस और डीएम भी मौके पर पहुंचे

गायत्री जोशी Updated Tue, 13 Jan 2026 12:47 PM IST

अल्मोड़ा जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में 241 शिक्षकों के पदों के लिए डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजूकेशन) प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं की नियुक्ति के लिए अटल उत्कृष्ट पीएमश्री जीआईसी अल्मोेड़ा में काउंसलिंग के दौरान हंगामा हो गया। हंगामा इतना बढ़ा कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद मामला किसी तरह शांत हुआ। देर रात डीएम अंशुल सिंह भी मौके पर पहुंचे और दुबारा काउंसलिंग शुरू हुई। दरअसल सोमवार को अटल उत्कृष्ट पीएमश्री जीआईसी अल्मोड़ा के सभागार में सुबह दस बजे से काउंसलिंग शुरू हुई। इस दौरान प्राथमिक स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए लगभग 2500 से अधिक अभ्यर्थी पहुंचे। देर शाम तक करीब 700 से 800 अभ्यर्थियों की ही काउंसलिंग हो सकी। शिक्षा विभाग ने शेष रह गए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग मंगलवार को करने का निर्णय लिया। इस दौरान वहां पहुंचे अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा था। सोमवार को काउंसलिंग में नंबर नहीं आने से नाराज कुछ अभ्यर्थियों ने वहां हंगामा कर दिया। कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन अभ्यर्थी नहीं माने। इस दौरान कर्मचारियों और अभ्यर्थियों के बीच बहस हो गई। हंगामा बढ़ते देख शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पुलिस को बुला लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी अभ्यर्थियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन अभ्यर्थी काउंसलिंग कराने की जिद पर अड़े रहे। इस दौरान अभ्यर्थी पुलिस से भी उलझ गए और उनके बीच नोकझोक हो गई। मामला शांत नहीं हुआ तो पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मामले को शांत कराया। देर रात डीएम अंशुल सिंह भी मौके पर पहुंचे और अभ्यर्थियों की मांग पर देर रात को ही दुबारा काउंसलिंग शुरू हुई।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें