बीएचयू के कुलपति कार्यालय के बाहर केंद्रीय कार्यालय में छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्कामुक्की हो गई। छात्रों को बाहर कर चैनल गेट बंद कर दिया गया तो मुर्दाबाद के नारे लगाए। बीएचयू में पेड़ कटाई पर लगे 2.65 करोड़ के जुर्माने के मामले को लेकर कई छात्र मंगलवार को विरोध करते केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। यहां पर नोकझोंक के बाद छात्रों ने कहा कि महीने भर पहले ज्ञापन दिया गया था लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्र प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी है कि ठोस कार्रवाई न होने पर यह आंदोलन लोकतांत्रिक रूप से तेज होगा। छात्र सत्यम सिंह, अमन मौर्य, नितेश राय, विवर्त सिंह और निशांत, अश्विनी आदि मंगलवार को कुलपति से मिलने की मांग पर अड़े रहे। कहा कि पिछले 12 दिनों से लगातार सभी लगातार वीसी ऑफिस और कुलसचिव कार्यालय की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। छात्रों ने बताया कि कर्मचारियों ने माना कि आवेदन कुलपति तक पहुंच चुका है।