कारोबारी पार्टनर से धोखाधड़ी के मामले में पिछले एक सप्ताह से फरारी काट रहे चर्चित खनन कारोबारी इश्तियाक खान को एसओजी टीम ने बुधवार की दोपहर बाद मुंबई से गिरफ्तार किया। मुंबई शहर के चूनाभट्टी थाना क्षेत्र के प्रियदर्शिनी बस स्टैंड से गिरफ्तारी के बाद बुधवार की रात सोनभद्र लाया गया। यहां पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार की सुबह सिविल जज सीनियर डिवीजन/एफटीसी रवि रंजन मिश्रा की अदालत में पेश करते हुए रिमांड की मांग की गई। अदालत में करीब एक घंटे तक बहस हुई। इस दौरान अभियोजन और बचाव पक्ष ने अलग-अलग दलीलें पेश की। देर शाम अदालत ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए इश्तियाक खान को 14 दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में बचाव पक्ष की ओर से जमानत अर्जी भी दाखिल की गई है, जिस पर शुक्रवार को सुनवाई होगी।