जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा चतरा ब्लॉक क्षेत्र के बैजनाथ, मगरदह गांव के ग्रामीणों के बीच पहुंचे। सोढ़ा-खोगवा पहाड़ी पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने आदिवासी और अन्य ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके मुद्दों पर विस्तार से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जंगल, जमीन, वनाधिकार और आजीविका से जुड़ी अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। ग्रामीणों का कहना था कि जंगल और जमीन केवल उनकी आजीविका का साधन नहीं, बल्कि उनके जीवन और अस्तित्व का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने अपने अधिकारों के संरक्षण और लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद संदीप मिश्रा ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की हिफाजत केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से समझना और उनकी आवाज को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जंगल-जमीन और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा जनहित के सवालों के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से प्रयास जारी रहेगा। ग्रामीणों की समस्याओं और उनके अधिकारों की लड़ाई में उनकी आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान महेश गोंड, राजू गोंड, मुन्ना चेरो, लाल बिहारी गोंड, दिनेश गुप्ता, पूनम गोंड, रीता गोंड, सविता गोंड, शत्रुघ्न बिंद, आकाश चौहान, विजय चौहान समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।