श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शिवद्वार धाम स्थित श्री उमामहेश्वर का जलाभिषेक करने के लिए रविवार को बड़ी संख्या में डाक बम कांवड़िये विजयगढ़ दुर्ग और मिर्जापुर के बरियाघाट से रवाना हुए। विजयगढ़ दुर्ग स्थित रामसरोवर तालाब से करीब पांच हजार कांवड़ियों ने संकल्पित जल भरा। स्नान और पूजन के बाद नंगे पांव श्रद्धालु शिवद्वार की ओर निकल पड़े। हाथों में कांवड़, लाठी और मुंह से निकल रहे बोल बम के जयघोष के बीच श्रद्धालु बिना रुके रातभर पैदल यात्रा कर अंतिम सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।