फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीतापुर: कोर्ट के आदेश पर 15 साल बाद ‘आजाद’ हुई शहीद उधम सिंह की प्रतिमा

सीतापुर: कोर्ट के आदेश पर करीब 15 साल से मिश्रिख कोतवाली के मालखाने में बंद क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह की प्रतिमा बुधवार को ‘आजाद’ हो गई। अदालती आदेश के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर प्रतिमा को मालखाने से रिलीज किया गया। प्रतिमा बाहर आते ही सिख समाज और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ढोल नगाड़ों की थाप के बीच देशभक्ति के नारों के साथ प्रतिमा को नैमिषारण्य स्थित गुरुद्वारा साहिब ले जाया गया। भारतीय सिख संगठन के जिलाध्यक्ष गुरपाल सिंह ने बताया कि शहीद उधम सिंह की प्रतिमा करीब डेढ़ दशक से कोतवाली के मालखाने में रखी थी। इसे सम्मानजनक स्थान पर स्थापित कराने के लिए भारतीय सिख संगठन की ओर से लंबे समय से विधिक पैरोकारी की जा रही थी। न्यायालय ने प्रतिमा को उचित एवं सम्मानजनक स्थान पर स्थापित करने के उद्देश्य से उसे रिलीज करने का आदेश दिया। बुधवार को एक सैकड़ा से अधिक लोग कोतवाली पहुंचे। आवश्यक लिखापढ़ी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रतिमा को मालखाने से बाहर निकाला गया। इसके बाद ढोल नगाड़ों के साथ लोग प्रतिमा को शोभायात्रा के रूप में नैमिषारण्य ले गए।गुरपाल सिंह ने कहा कि शहीद उधम सिंह ने देश की आजादी और स्वाभिमान के लिए अपना जीवन न्योछावर किया था। 15 वर्षों तक प्रतिमा का मालखाने में रहना पीड़ादायक था। अब न्यायालय के आदेश से उसे सम्मानजनक स्थान मिलने का रास्ता साफ हुआ है। फिलहाल प्रतिमा गुरुद्वारा साहिब में सुरक्षित रखी गई है। सर्वसम्मति से स्थान तय कर इसे स्थापित किया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें