सीतापुर: लगातार हो रही बारिश के चलते शनिवार को बिलौली बाजार चौराहे पर बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बारिश के कारण कमजोर हुआ एक विशाल पेड़ अचानक गुप्ता स्वीट रेस्टोरेंट के ऊपर गिर पड़ा। पेड़ गिरने का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पेड़ सड़क पर गिरने से महमूदाबाद-सरैंया मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाने का काम शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई इसकी चपेट में नहीं आया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लगातार बारिश से क्षेत्र में पेड़ गिरने की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।