श्रावस्ती में इकौना क्षेत्र के बनकटा नहर पुलिया के पास शनिवार देर रात पुलिस व एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इससे वह घायल हो गया। इकौना में शुक्रवार को कुछ लोगों ने सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व चेयरमैन महमूद आलम नईमी की दुकान में घुसकर उनकी पिटाई कर दी थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया है। इसी क्रम में शनिवार रात बनकटा नहर पुलिया से ग्राम महजिदिया की ओर जाने वाले मार्ग पर इकौना पुलिस व एसओजी की टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मामले के आरोपी ग्राम भलुहिया दसौंधी निवासी अभय शर्मा की पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ हो गई। खुद को पुलिस टीम से घिरता देख आरोपी अभय शर्मा ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस टीम की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इससे वह घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस, दो कारतूस का खोखा, जेब से 200 रुपये नकद व बुलेट बाइक बरामद हुई। एएसपी चंद्रकेश सिंह ने कहा कि रात में मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। इसी के साथ अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपी भी जल्द गिरफ्त में आ जाएंगे। मौके पर पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है।