शाहजहांपुर में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) देकर लौट रहे अभ्यर्थियों को रविवार को सफर के दौरान काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। परीक्षा छूटने के बाद रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। डाउन लाइन की ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ रही। ट्रेन में सवार होने और सीट पाने के लिए अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। इससे सामान्य यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। दोपहर 12 बजे परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थियों ने रेलवे स्टेशन की ओर रुख किया, लेकिन रास्ते में जाम के चलते उन्हें पहुंचने में देरी हुई। करीब साढ़े 12 बजे से अभ्यर्थियों का स्टेशन पहुंचना शुरू हो गया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर अमरनाथ एक्सप्रेस के पहुंचते ही ट्रेन में सवार होने के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई। जनरल कोच में प्रवेश करने के लिए धक्का-मुक्की होने लगी। सीट घेरने को लेकर भी अभ्यर्थियों में आपाधापी रही। किसी तरह अभ्यर्थी ट्रेन में सवार हो सके। इसके बाद पहुंची त्रिवेणी एक्सप्रेस में भी यही नजारा देखने को मिला। ट्रेन के कोचों में जगह पाने के लिए अभ्यर्थियों को मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ के चलते नियमित यात्रियों को भी चढ़ने-उतरने में दिक्कत हुई। परीक्षा के चलते स्टेशन पर देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।