जुनावई। कस्बे के राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, किसी नाम का अपमार्जन कराने और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में त्रुटियों को ठीक कराने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को निर्वाचन आयोग के फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन एप के इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि इन माध्यमों से घर बैठे मतदाता संबंधी सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है। इस दौरान छात्र-छात्राओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान में भागीदारी करने और अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए विद्यार्थियों से फार्म-6 भी भरवाए गए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विमल कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है। सभी को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिप्रा और आराधना वर्मा ने किया। इस मौके पर तहसील प्रशासन की ओर से सुरेंद्र कुमार, बीएलओ पंकज त्रिपाठी, अखिलेश यादव, राजकुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।