हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के चौपुरा गांव में बुधवार सुबह आपसी विवाद में एक युवक की उसके ही भाई ने ईंट से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रवि चौधरी (पुत्र स्व. शिवशंकर), निवासी चौपुरा के रूप में हुई है। रवि एसजेएस स्कूल में कंडक्टर के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, रवि सुबह तैयार होकर स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि गांव के बाहर उसका भाई अनूप कुमार पहले से घात लगाकर बैठा था। रवि के वहां पहुंचते ही अनूप ने पीछे से ईंट से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से रवि सड़क पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स रेफर कर दिया। परिजन उसे एम्स लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया।