रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र में 10 दिन से लापता युवती का शव बृहस्पतिवार को लोन नदी से बरामद होने पर हड़कंप मच गया। शव की पहचान पूरे कुम्हारन का पुरवा मजरे बहरामपुर निवासी दिव्या प्रजापति (19) पुत्री शिवप्रकाश के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।परिवारीजनों के मुताबिक दिव्या 31 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पिता ने कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार शाम कुलकुलिया का पुरवा मजरे जगतपुर भिचकौरा गांव के कुछ युवकों ने नोखेराय का पुरवा गांव के पास लोन नदी में एक शव उतराता देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। अंधेरा होने के कारण रात में शव बाहर नहीं निकाला जा सका।बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। परिजनों ने उसकी पहचान दिव्या के रूप में की। युवती का शव उसके गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर मिला। सीओ सुजीत कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।