कुंडा के बेंती राजभवन में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रतापगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद को भाजपा की बी टीम करार दिया। उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी तीखी टिप्पणी की। सांसद ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष या धार्मिक आयोजन से नहीं है, बल्कि देवी-देवताओं और महिलाओं को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणियों से है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।