मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना पुलिस ने जाली करेंसी बाजार में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 5 लाख 26 हजार 500 रुपये से अधिक की जाली करेंसी और इसे बनाने का सामान बरामद हुआ है। थाना बुढ़ाना पुलिस ने मेरठ करनाल हाईवे पर जाली करेंसी के साथ तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। उनकी तलाशी लेने पर चार लाख रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शुभम, महेंद्र और टीनू के रूप में हुई। एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि पूछताछ में शुभम ने बताया कि वह दिल्ली के नरेला स्थित अपने फ्लैट में नकली नोट बनाते हैं। पुलिस ने उसके फ्लैट की तलाशी ली। वहां से एक लाख 26 हजार 500 रुपये की जाली करेंसी मिली। इसके साथ ही लैपटॉप, कलर प्रिंटर, कॉटन पेपर बंडल और बटर पेपर बंडल जैसे सामान भी बरामद हुए। अभियुक्तों के खिलाफ बुढ़ाना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मास्टरमाइंड शुभम ने पूछताछ में बताया कि उसने "फर्जी" वेब सीरीज देखी थी। इसे देखकर उसे नकली नोट छापकर मुनाफा कमाने का विचार आया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली के फ्लैट में यह काम शुरू किया। उन्होंने यू-ट्यूब से भी नकली नोट बनाने का तरीका सीखा था। वह महाराष्ट्र से गणेश नामक व्यक्ति से कॉटन पेपर ए-4 शीट मंगवाते थे।