श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा नगरी भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आई। शहरभर में सजे मंचों से गूंजते भजन, लोकगीत और कृष्ण लीलाओं ने श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींचा। कहीं कलाकारों ने कान्हा की लीलाओं का मंचन किया तो कहीं मयूर नृत्य और रसिया गायन ने समां बांध दिया। श्रद्धालु भी देर रात तक इन कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे। प्रशासन की ओर से शहर में पांच बड़े और 21 छोटे मंच लगाए गए हैं। इन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत, भजन संध्या, कृष्ण लीलाएं और मयूर नृत्य आदि प्रस्तुत किए गए। मंचों पर कलाकारों की प्रस्तुतियों ने जन्माष्टमी के उल्लास को और बढ़ा दिया। भूतेश्वर स्थित मंच पर डीग से आई ढोला गायन बम रसिया पार्टी ने रसिया की प्रस्तुति दी। कलाकारों के सुरों पर श्रद्धालु झूम उठे। बीएसए कॉलेज के सामने वृंदावन की जया सक्सेना एंड पार्टी ने मयूर नृत्य और कृष्ण लीलाओं की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का सुंदर चित्रण किया गया। मथुरा जंक्शन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर बनारस से आए भजन गायक सुजीत तिवारी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। वहीं, प्रेमशंकर एंड पार्टी के जवाबी रसिया ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। शहर के विभिन्न मंचों पर आयोजित कार्यक्रमों से जन्माष्टमी का उत्सव देर रात तक जीवंत बना रहा।