साइबर ठग के जाल में फंसकर परेशान महिला ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। 20 लाख के लालच में ठग ने करीब 70 हजार रुपये महिला से अपने खाते में ट्रांसफर कराए। परिजन ने हालत बिगड़ने पर सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। कुर्रा अहिकारीपुर निवासी प्रबल प्रताप चौहान दिल्ली में कैब चलाते हैं। गांव में उनकी पत्नी अंजली देवी रहती हैं। पति प्रबल प्रताप ने बताया कि पत्नी भैंस खरीदने के लिए लोन कराना चाहती थीं। इसके लिए किसी को पेपर भी दिए थे, जिसके बाद से ही उनको कॉल आने लगे। 19 अगस्त को उनके पास एक वीडियो कॉल आया था, जिसमें एक युवक ने बताया कि आपकी 20 लाख रुपये की लॉटरी लग गई है। धनराशि के बदले एक सफारी कार भी ले सकती हो। उनको चेक भी दिखाया, जिसके बाद महिला ने रुपये लेने की हामी भर दी। उन्होंने बताया कि इसके एवज में साइबर ठग ने उनसे 20 हजार रुपये मांगे, उन्होंने बिना कुछ सोचे ऑनलाइन रुपये डाल दिए। इसके बाद आरोपी पत्नी से और रुपये की मांग की तो 15 हजार रुपये और डाल दिए। आरोपी की डिमांड फिर भी कम न हुई, उसने इस बार करीब 35 हजार रुपये मांगे। इस पर अंजली अपने आभूषण लेकर सुनार के पास गई। उसने सुनार से कुछ रुपये अपने और बाकी रुपये पति के खाते में डालने को कहा। सुनार ने जब उसके पति को खाता नंबर जानने के लिए कॉल किया तब उसे मामले की जानकारी हुई। इसके बाद महिला बैंक में पहुंची और अपना खाता चेक किया लेकिन उसमें कोई भी रुपये न आने पर वह समझ गई साथ ठगी हुई है। महिला ने खाना खाना छोड़ दिया और तनाव में रहने लगी। शुक्रवार दोपहर को कीटनाशक पी लिया। परिजन ने सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर दिया। शनिवार को इलाज के दौरान अंजली मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया।