लखीमपुर खीरी जिले में रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) शुरू हो गई। जिले में 25 केंद्र बनाए गए हैं। तीन दिन होने वाली परीक्षा में कुल 60,480 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर आधुनिक कैमरों और प्रशासनिक अमले के माध्यम से निगरानी की जा रही है। डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा के अनुसार, परीक्षा 25, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित होनी है। रविवार को पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई। दूसरी पाली अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 10,080 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट की सुरक्षा, वितरण और उत्तर पत्रकों के संग्रहण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों पर पेयजल, बिजली, रोशनी और स्वच्छ शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।