आरटीओ कार्यालय में सोमवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब क्राइम ब्रांच की टीम ने अचानक धावा बोल दिया। करीब 1:40 बजे भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने आरटीओ कार्यालय के साथ-साथ सारथी भवन को भी जांच के घेरे में ले लिया। कार्रवाई इतनी सख्त थी कि परिसर के दोनों गेट बंद करा दिए गए और बाहर से भीतर तक आवाजाही पर रोक लगा दी गई। छापेमारी के दौरान करीब 22 दलालों को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमें पकड़े गए लोगों से पूछताछ करने के साथ उनके दस्तावेज और गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। कार्रवाई का फोकस आरटीओ परिसर में कथित तौर पर सक्रिय दलाली के नेटवर्क की परतें खोलने पर बताया जा रहा है।