कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर के जिला अध्यक्ष सुनील बजाज की अगुवाई में व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें शहर की सभी प्रमुख बाजारों की खस्ताहाल सड़कों और व्यापार पर पड़ रहे प्रभाव पर रोष जताया। कहा कि मौजूदा समय में शहर तो गड्ढों में तब्दील हो गया है। त्योहार आ चुके हैं। तत्काल सड़कें ठीक कराई जाएं। सुनील बजाज ने कहा कि नवीन मार्केट, जरीब चौकी, विकासनगर, श्यामनगर, हालसी रोड, एक्सप्रेस रोड, मूलगंज, काकादेव, सर्वोदय नगर, कलक्टरगंज की सड़कों की स्थिति बहुत खराब है। ग्राहकों ने बाजारों में आना छोड़ दिया है। इससे व्यापारियों का बहुत नुकसान हो रहा है। शुक्रवार को जन्माष्टमी का पर्व है। जेके मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, इस्कॉन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए जाते हैं। यहां की सड़कों की स्थिति बदहाल है। महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी ने नगर आयुक्त को बताया कि कुछ दिन पहले कृष्णा नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति की नाले में गिरकर मौत हो गई थी। पीड़ित परिवार को नगर निगम द्वारा मुआवजा दिया जाए। इस पर नगर आयुक्त ने जांच करने का आदेश दिया। इस मौके पर रामेश्वर गुप्ता, सुरेश गुप्ता, केवी सिंह, महेंद्र गुप्ता, संतोष शर्मा, सीताराम गुप्ता, गुलशन जायसवाल मोहम्मद यासीन, चांद, हरीश त्रिपाठी, देवनाथ मिश्रा सौरभ त्रिवेदी, आदि थे।