रामादेवी से टाटमिल जाने वाली जीटी रोड पर डीआलम पुलिया के पास आज सुबह करीब 5 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। कंटेनर और नगर निगम के ट्रक (डीसीएम) की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नगर निगम का ट्रक डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसा। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह-सुबह हुए इस हादसे में ट्रक में सवार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कंटेनर ने नगर निगम के डीसीएम में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ता हुआ दूसरी तरफ पलट गया। गनीमत रही कि सुबह का समय होने के कारण दूसरी लेन में वाहनों की आवाजाही कम थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद जीटी रोड पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।