सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को अपर श्रमायुक्त कानपुर क्षेत्र सभागार में लाभार्थी के लिए हितलाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे जैन ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के 77 श्रमिकों-आश्रितों को 1,71,21,672 रुपये का हितलाभ वितरित किया। अपर श्रमायुक्त शमीम अख्तर ने बताया कि कन्या विवाह सहायता, निर्माण कामगार मृत्यु-दिव्यांगता सहायता, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना और कर्मचारी क्षतिपूर्ति अधिनियम के तहत यह राशि दी गई। सीडीओ ने कहा कि श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को पारदर्शिता के साथ धरातल पर लागू किया जा रहा है। इस अवसर पर जागरूकता वाहन रैली भी निकाली गई, जिसे सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मरियमपुर, फजलगंज, जरीब चौकी, अफीम कोठी और बड़ा चौराहा होते हुए फूलबाग पहुंचकर समाप्त हुई। मौके पर प्रभात मिश्रा, अनिल उपाध्याय, मोहम्मद नफीस, पीएस बाजपेयी, आशीष मिश्रा, घनश्याम निषाद, पवन कुमार, हेमंत कुमार, संतोष कुमार, मान सिंह आदि मौजूद रहे।