अमर उजाला ब्यूरो झांसी। मऊरानीपुर बस स्टैंड पर अमृतसर के सराफा कारोबारी गुरकीरत सिंह के करोड़ों रुपये के जेवर और नकदी से भरे दो बैग चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने पिता और साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.40 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं, चोरी की रकम में से अलग-अलग बैंक खातों में जमा 17.06 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।