संवाद न्यूज एजेंसी मऊरानीपुर। दीपावली पर आतिशबाजी की बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस और दमकल विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कराने के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। मऊरानीपुर फायर स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति रुपये लेते दिखाई दे रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि वर्दी पर दो स्टार लगाकर व्यापारियों पर रौब झाड़ने वाला व्यक्ति अधिकारी नहीं, बल्कि दमकल विभाग में तैनात चालक बताया जा रहा है। दीपावली को देखते हुए मऊरानीपुर के मेला ग्राउंड समेत उल्दन, कटेरा, बंगरा और ग्रामीण क्षेत्रों में आतिशबाजी बाजार सजाने की तैयारियां चल रही हैं। व्यापारी अस्थायी लाइसेंस के लिए दमकल विभाग से एनओसी लेने की प्रक्रिया में जुटे हैं। इसी बीच फायर स्टेशन का कथित वीडियो सामने आने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में एनओसी और लाइसेंस की प्रक्रिया के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मामले में मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय ने बताया कि मऊरानीपुर फायर स्टेशन पर वर्तमान में कोई उपनिरीक्षक तैनात नहीं है। वीडियो में दो स्टार लगाकर दिखाई दे रहा व्यक्ति विभाग में चालक के पद पर कार्यरत है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। वायरल वीडियो और चालक पर लगाए गए अवैध वसूली के आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोट : संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।