नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला मजीदपुरा गली नंबर नौ में रुपये का लेनदेन विवाद में दो पक्षों में कहासुनी के बाद बीच सड़क पर जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर जमकर लात घूसे चला रहे थे। मारपीट का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, मोहल्ला निवासी वकील के मोहल्ले के ही वजाहत पर रुपये बकाया चल रहे हैं। वजाहत मोहल्ले में ही मुख्य सड़क पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता है। बुधवार की देर रात रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों में कहासनुी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लात घूसे चल गए। यहां मौजूद किसी युवक ने झगड़े की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। झगड़े की सूचना व वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्ष के लोग यहां से फरार हो गए। जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों पक्ष के वकील, आसिफ, वजाहत व जुनैद को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। पुलिस टीम दोनों पक्ष के वकील, आसिफ, वजाहत व जुनैद को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।