गोंडा। कोतवाली नगर क्षेत्र के जेल रोड स्थित शहीद राजेंद्रनाथ लाहिड़ी समाधि स्थल के पास शनिवार रात तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। हादसे में पिकअप चालक शिवकुमार पांडेय (35) की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब नौ बजे पिकअप अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकलवाया और जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक शिवकुमार पांडेय बंगहरहवा परेड सरकार के रहने वाले थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।