कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एशियन गेम्स में पहलवान सुजीत कलकल के पदक जीतने पर बधाई दी। शनिवार को विश्नोहरपुर स्थित अपने पैतृक आवास पर जनता दर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि सुजीत तीन साल पहले भी पदक का दावेदार था, लेकिन उस समय उसके साथ अन्याय हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कुश्ती महासंघ भंग था और एडहॉक कमेटी काम कर रही थी। सुजीत को ट्रायल का मौका दिए बिना बजरंग पूनिया को भेजा गया। बृजभूषण ने कहा कि सुजीत ने बाद में कोर्ट और सरकार का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसे मौका नहीं मिला। उनके अनुसार तीन साल का समय किसी खिलाड़ी के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है और इस दौरान कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर असर पड़ा। बृजभूषण ने कहा कि अब सुजीत ने पदक जीतकर अपनी क्षमता साबित की है। इसके लिए उसे पूरे देश की ओर से बधाई मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के विवाद के कारण कुश्ती को भी नुकसान हुआ और संभव है कि देश कुछ और पदकों से चूक गया हो। भारत-पाकिस्तान मैच पर उन्होंने कहा कि जब भी दोनों देशों के बीच मुकाबला होता है, हर भारतीय की इच्छा होती है कि भारत जीते। चाहे मुकाबला क्रिकेट, हॉकी या कुश्ती का हो।