गोंडा में रविवार दोपहर मवेशी से टकराकर अनियंत्रित हुई फॉर्च्यूनर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक मुकेश पांडेय (19) पुत्र शोभनाथ पांडेय निवासी सोठिया, मोतीगंज की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे आदित्य सिंह पुत्र कोदू सिंह निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश घायल हो गए। उनका सीएचसी में इलाज चल रहा है। हादसा वजीरगंज थाना के अयोध्या-गोंडा हाईवे पर ब्लॉक के पास हुआ। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि मुकेश अयोध्या स्थित गुरुकुल विद्यालय में आचार्य का छात्र था। रविवार को वह विद्यालय के कक्षा आठ के छात्र आदित्य के साथ बाइक से मोतीगंज स्थित अपने घर जा रहा था। ब्लॉक के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। फॉर्च्यूनर उससे टकराने के बाद अनियंत्रित होकर बाइक से जा भिड़ी। हादसे में मवेशी की भी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार अभी घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।