मनिहारी के मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल एवं उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन भवनों में चल रहे कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और फिनिशिंग का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कुछ स्थानों पर मानक के अनुरूप कार्य नहीं मिलने पर अधिकारियों ने संबंधित जिम्मेदारों को आवश्यक निर्देश दिए।मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल के निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने प्रोजेक्ट मैनेजर मानवेंद्र सिंह से निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों को देखा और निर्धारित समय के अनुसार काम पूरा करने को कहा। निर्माण की गति काफी धीमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता भी परखी। ईंट को मौके पर तोड़कर उसकी मजबूती की जांच की गई।