नगर के रामलीला मैदान में बघेल रामलीला समिति की ओर से आयोजित प्राचीन रामलीला में बृहस्पतिवार को ताड़का वध की लीला का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की वीरता का प्रसंग देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। मंचन के दौरान ऋषि-मुनियों के यज्ञ में राक्षसों द्वारा उत्पन्न की जा रही बाधाओं का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। ऋषि विश्वामित्र भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ वन में ले गए। वहां राक्षसी ताड़का के आतंक से ऋषि-मुनियों का जीवन संकट में था। कलाकारों ने ताड़का के अत्याचारों और यज्ञ में विघ्न डालने के प्रसंग को अपने अभिनय के माध्यम से जीवंत किया। ऋषि विश्वामित्र के आदेश पर भगवान श्रीराम ने ताड़का का वध किया।