कोटवाधाम (बाराबंकी)। रामनगर के सपा विधायक फरीद महफूज किदवई ने रविवार को सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों का हाल जाना। विधायक सबसे पहले कटान प्रभावित बबुरी गांव पहुंचे। यहां नदी की कटान में घर गंवाने वाले परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद विधायक टेपरा गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने बिजली की समस्या प्रमुखता से उठाई। विधायक ने मौके से ही बिजली विभाग के उपखंड स्तर के अधिकारियों से संपर्क किया। बताया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रामसनेहीघाट डिवीजन से होती है। विधायक ने वहां भी फोन मिलाया, लेकिन किसी कर्मचारी ने फोन नहीं उठाया। इस पर विधायक ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार की योजनाएं धरातल पर खुर्द-बुर्द हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं, वहीं राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों के बाढ़ पीड़ितों के साथ पक्षपात किया जा रहा है।