बाराबंकी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करने के कार्यक्रम का मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इस मौके पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने विधायक दिनेश रावत, साकेंद्र वर्मा और एमएलसी अंगद कुमार सिंह के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को शॉल ओढ़ाकर और उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में डीएम ईशान प्रताप सिंह, एसपी रवीना त्यागी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिले भर से आए करीब दो हजार ग्राम प्रहरियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गांवों की सुरक्षा व्यवस्था में उनकी अहम भूमिका है। ग्राम प्रहरी पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से ग्राम प्रहरियों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने और मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा का स्वागत किया गया।