बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में सरयू नदी के भीषण कटान की चपेट में हेतमापुर धाम के मुख्य भवन के पास स्थित करीब 350 साल पुरानी बताई जाने वाली मंदिरनुमा इमारत बह गई। कटान की चपेट में मंदिर के भी आने का खतरा बना हुआ है। सरयू खतरे के निशान से करीब 70 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। तेज बहाव के चलते हेतमापुर में लगातार कटान हो रहा है। अब तक 35 से अधिक मकान नदी में समा चुके हैं। इससे पहले गांव का एक पुराना धार्मिक स्थल और मस्जिद भी कटान की चपेट में आ चुके हैं। लगातार बढ़ते खतरे से ग्रामीणों में दहशत है। कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। एडीएम निरंकार सिंह ने बताया कि हेतमापुर में प्रशासनिक टीम मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.