चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में बुधवार शाम बाइक सवार तीन युवकों ने ई-रिक्शा पर सवार महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। दिनदहाड़े व्यस्त बलिया-गाजीपुर मार्ग पर हुई वारदात से लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। थाना क्षेत्र के कारों गांव निवासी माया पत्नी रमेश राजभर बुधवार शाम करीब चार बजे चितबड़ागांव बाजार से ई-रिक्शा पर सवार होकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक ई-रिक्शा के पास पहुंचे। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया। इसके बाद तीनों बाइक से तेजी से फरार हो गए।