मंदिर से मंदिर जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किए गए अभिनव अभियान के तहत पहली बार श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से पूजित पुष्प, वस्त्र, मेवा-मिष्ठान, श्रृंगार सामग्री, मोरपंखी और बांसुरी समेत अन्य मंगल सामग्री श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए मथुरा भेजी गई। इसी क्रम में काशी से भी मंगल उपहार योजना के तहत सामग्री मथुरा भेजी गई है। अभियान के योजनाकार विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज ने बताया कि धनंजय पाठक के नेतृत्व में 25 कार्यकर्ताओं का दल दो वाहनों से मंगल सामग्री लेकर अयोध्या से मथुरा के लिए रवाना हुआ। विहिप के उपाध्यक्ष चंपत राय और राजेंद्र सिंह पंकज ने दल को आशीर्वचन देकर रवाना किया। पदाधिकारियों ने कहा कि मंदिरों और विभिन्न उपासना पद्धतियों को परस्पर जोड़ने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।