अयोध्या के रूदौली में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र में सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चौधरी शहरयार के आवास मोहल्ला सालार पर निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान अमर उजाला की टीम ने पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप से खास बातचीत की। अरविंद सिंह गोप ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच फिर गठबंधन होगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में सपा की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को लेकर पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का काम लगातार चल रहा है। पूर्व मंत्री ने कहा कि सपा कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। इस दौरान चौधरी शहरयार समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।