परिवार की खुशहाली और बेहतर भविष्य का सपना लेकर सऊदी अरब कमाने गए अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र के बहोरिकपुर गांव निवासी पवन कुमार शर्मा की जिंदगी ढाई साल से जेल की सलाखों के पीछे गुजर रही है। उनके परिवार के लिए हर दिन इंतजार और चिंता में बीत रहा है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इतने लंबे समय बाद भी परिजनों को यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि आखिर पवन को किस आरोप में जेल में बंद किया गया है। पवन तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। उनके परिवार में पत्नी रीता देवी, नौ वर्षीय बेटा आदित्य शर्मा और सात वर्षीय बेटी रानी है। पिता के बिना दोनों बच्चे लंबे समय से उनकी राह देख रहे हैं। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही पवन अपनों के बीच लौटेंगे। पवन के छोटे भाई विवेक शर्मा ने बताया कि उनके बड़े भाई करीब ढाई साल पहले रोजी-रोटी कमाने के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां पहुंचने के कुछ दिनों बाद ही सऊदी पुलिस ने उन्हें पकड़कर जेल में डाल दिया। तब से वह जेल में बंद हैं। विवेक के मुताबिक, पवन रोजाना जेल से फोन कर परिवार का हालचाल लेते हैं, लेकिन उनकी रिहाई को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। भाई की पीड़ा बयां करते हुए विवेक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि उनके बड़े भाई को किसी तरह सऊदी अरब की जेल से छुड़ाकर भारत वापस लाया जाए। उन्होंने कहा कि एक पत्नी अपने पति और दो मासूम बच्चे अपने पिता की राह देख रहे हैं। परिवार को बस यही आस है कि सरकार उनकी पुकार सुने और पवन की सुरक्षित घर वापसी का रास्ता निकाले। विवेक ने सरकार से हाथ जोड़कर गुहार लगाई है कि उनके भाई की रिहाई के लिए कूटनीतिक स्तर पर पहल की जाए, ताकि ढाई साल से अपनों से दूर जेल में जिंदगी गुजार रहे पवन अपने परिवार के बीच लौट सकें।