रामनगरी अयोध्या में रविवार को भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। वाणी चौक स्थित ऐतिहासिक जानकी महल से बृहस्पति कुंड तक श्री पांडुरंगा नमसंकीर्तन मंडली की ओर से भव्य संकीर्तन यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, जो ढोल-नगाड़ों और मृदंग की थाप पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। पूरी यात्रा के दौरान "जय श्रीराम", "सीताराम" और "पांडुरंगा विठ्ठल" के गगनभेदी जयकारे गूंजते रहे। यात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी की मनमोहक जीवंत झांकी रही। आकर्षक परिधानों और मुकुटों से सजे कलाकार रथ पर विराजमान थे, जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा में शामिल महिलाओं के सिर पर तुलसी का पौधा था और वे हरिनाम संकीर्तन करते हुए चल रही थीं, जो महाराष्ट्र की वारकरी परंपरा की झलक पेश कर रही थी। मंडली के प्रमुख ने बताया कि यह परंपरा वर्षों पुरानी है। पांडुरंगा संकीर्तन के माध्यम से भक्ति भाव और सनातन संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना ही इसका उद्देश्य है। यह यात्रा जानकी महल से प्रारंभ होकर हनुमानगढ़ी, कनक भवन, हनुमान बाग होते हुए बृहस्पति कुंड पर पहुंची। वहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद यात्रा का समापन हुआ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।