अयोध्या: पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास से सीईओ चयन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेख न्यास की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि न्यास ने 14 सितंबर की प्रेस विज्ञप्ति में चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के अभिलेखीकरण की बात कही थी। ऐसे में पारदर्शिता और सार्वजनिक विश्वास के लिए संबंधित अभिलेख सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने अंतिम 16 अभ्यर्थियों की स्वीकृत सूची, साक्षात्कार में उपस्थिति से जुड़े अभिलेख, अभ्यर्थीवार मूल्यांकन, एक सितंबर की खोज समिति की रिपोर्ट व संस्तुति का प्रासंगिक अंश तथा अंतिम तीन नामों के चयन का तुलनात्मक आधार सार्वजनिक करने का अनुरोध किया है। साथ ही चयन प्रक्रिया के सभी मूल अभिलेख सुरक्षित रखने की मांग की है।